रेनबो के छात्रों का चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

विजयी प्रतिभागी राज्य स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस प्रतियोगिता में दिखाएंगे अपना दमखम

उज्जवल हिमाचल। नगरोटा बगवां

रेनबो इंटरनेशनल स्कूल नगरोटा बगवां के छात्रों ने 32वीं जिला स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में अपनी वैज्ञानिक कुशलता को दर्शाते हुए स्कूल व अभिभावकों के नाम को गौरवान्वित किया। उक्त प्रतियोगिता 8नवंबर  व 9 नवम्बर 2024 को गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल ज्वालामुखी में आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के लगभग 600 प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी वैज्ञानिक सोच को दर्शाते हुए बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिसमें सीनियर  मैथ्स ओलम्पियाड में आदृत पराशर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल के नाम को गौरवान्वित किया। स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में अनुष्का नेगी ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए नकद राशि पुरस्कार के रूप में प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सीनियर सेकेंडरी मैथ्स ओलिंपियाड में अंकुश ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में शायना कटोच ने द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए नकद राशि पुरस्कार के रूप में प्राप्त की। इन्हीं प्रतियोगिताओं के अंतर्गत स्किट में मेघा, मानवी, महक, सुहानी डोगरा, मयंक अभिनव सोर, आयान और हर्षद ठाकुर ने अपनी-अपनी प्रतिभा को दिखाते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर क्विज प्रतियोगिता में सत्यम और श्रीया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजयी प्रतिभागी राज्य स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस प्रतियोगिता में अपनी वैज्ञानिक सोच को दर्शाते हुए अपना दमखम दिखाएंगे।

स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. छवि कश्यप ने इन भावी वैज्ञानिकों को उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें बधाई दी और कहा कि आधुनिक युग विज्ञान का युग है इसलिए बच्चों को वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विज्ञान विभाग प्रमुख मुनीष शर्मा, रामेश्वर महाजन, नीलम शर्मा और साइंस विभाग, गणित विभाग के अन्य  शिक्षकों को भी बच्चों की इस उपलब्धि पर बधाई दी ।साथ ही उन्होंने राज्य स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस  प्रतियोगिता में बच्चों को और अधिक अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया तथा शुभकामनाएं दीं।

ब्यूरो रिपोर्ट नगरोटा बगवां

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें