उज्जवल हिमाचल। नगरोटा बगवां
रेनबो इंटरनेशनल स्कूल, नगरोटा बगवां में 16 मई 2026 को आयोजित गोएथे इंटरनेशनल ए-1 व ए-2 की परीक्षाओं में स्कूल के छात्रों ने अभूतपूर्व प्रदर्शन किया। इस परीक्षा का आयोजन गोएथे-इंस्टीट्यूट द्वारा किया गया था, जिसमें रेनबो इंटरनेशनल स्कूल के ए-1 में 57 और ए-2 में 28 छात्रों ने अच्छे अंकों से परीक्षा उत्तीर्ण की। जिसमें अनवी चौधरी,शुभ्रा चौधरी,मैत्री गुप्ता, एंजल भारद्वाज, और युविका चौधरी ने ए-2 की परीक्षा में व काशवी,कृतिका चौधरी, यतिका सिंह, चैतन्य कौंडल, पारुल चौधरी,व अलिशा कटोच ने ए-1 की परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इन परीक्षाओं में 20 छात्रों ने “वैरी गुड” ग्रेड और 43 छात्रों ने “गुड” ग्रेड हासिल कर अपनी मेहनत और समर्पण का प्रमाण प्रस्तुत किया।
रेनबो इंटरनेशनल स्कूल वर्तमान में पूरे हिमाचल प्रदेश का एकमात्र स्कूल है, जो छात्रों को गोएथे इंटरनेशनल ए-1 से लेकर बी-2 तक की परीक्षा के लिए ट्रेनिंग प्रदान करता है। यहाँ के छात्र जर्मन डिपार्टमेंट के हेड रविंद्र सिंह के मार्गदर्शन में लगातार इन परीक्षाओं में बेहतरीन अंक प्राप्त कर रहे हैं। वर्तमान में स्कूल में कक्षा पाँचवीं से लेकर बारहवीं तक के 600 से अधिक विद्यार्थी जर्मन भाषा की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं और उन्हें उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षकों द्वारा गोएथे ए-1 से बी-2 स्तर तक की परीक्षाओं के लिए तैयार किया जा रहा है। इन छात्रों की सफलता स्कूल के समर्पित शिक्षकों की मेहनत और छात्रों के दृढ़ संकल्प का परिणाम है। रेनबो स्कूल का यह प्रयास छात्रों को न केवल एक नई भाषा सिखाने का है बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने का है।
छात्रों की इस उपलब्धि पर स्कूल में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों के अभिभावक भी शामिल थे। छात्रों की इस सफलता को केक काट कर सेलिब्रेट किया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. छवि कश्यप ने छात्रों और उनके अभिभावकों को इस सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों के कठिन परिश्रम और विद्यालय की शिक्षण प्रक्रिया की सफलता का प्रतीक है। उनका मानना है कि इस प्रकार की सफलता छात्रों को भविष्य में और अधिक ऊंचाइयों तक पहुँचने के लिए प्रेरित करती है।साथ ही उन्होंने जर्मन शिक्षक रविन्द्र सिंह को भी छात्रों की इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।





