नुक्कड़ नाटक और लोकगीतों से दिया एचआईवी/एड्स जागरूकता संदेश, चढ़ी पंचायत में लोगों को किया जागरूक

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा 

एचआईवी/एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा समाज में फैली भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश एड्स नियंत्रण सोसायटी के कलाकारों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक एवं लोकगीतों की प्रस्तुति देकर लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव, संक्रमण के कारणों, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने सरल एवं मनोरंजक तरीके से बताया कि एचआईवी किस प्रकार फैलता है और इससे बचाव के लिए किन सावधानियों को अपनाना आवश्यक है। वहीं लोकगीतों के माध्यम से आम जनता तक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण संदेश स्थानीय भाषा और लोक संस्कृति के माध्यम से पहुंचाया गया। कार्यक्रम में कलाकारों ने विशेष रूप से यह संदेश दिया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। सही जानकारी, जागरूकता और समय पर उपचार के माध्यम से एचआईवी के प्रभाव को नियंत्रित किया जा सकता है।

हिमाचल प्रदेश एड्स नियंत्रण सोसायटी की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे एचआईवी/एड्स से संबंधित सही जानकारी प्राप्त करें, आवश्यक सावधानियां बरतें और किसी भी प्रकार की भ्रांति पर विश्वास न करें। कलाकारों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने सराहा तथा जागरूकता संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संदेश:“जागरूकता अपनाएं, एचआईवी से बचाव करें और भेदभाव मुक्त समाज का निर्माण करें।”