उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
रामलीला सभा कांगड़ा की ओर से नगर परिषद मैदान कांगड़ा में आयोजित होने वाली रामलीला को लेकर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष भी रामलीला में महिला किरदारों की भूमिका युवतियां ही निभाएंगी। इस बार कुल 8 युवतियां महिलाओं के किरदार को निभाएंगी। पिछले वर्ष भी युवतियों ने महिला पात्रों का किरदार बखूबी निभाकर दर्शकों की खूब सराहना हासिल की थी।
रामलीला से एक दिन पूर्व 10 अक्टूबर को नगर परिषद मैदान में स्टार नाइट का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। कार्यक्रम में ‘तेरा मेरा लगन’ गीत से प्रसिद्ध गायक राज जेरी, ‘घर मेरा निक्का जिया’ से लोकप्रिय सौरभ शर्मा, ‘भेड़ड़ा तेरियां’ के गायक संजीव दीक्षित, कांगड़ा की प्रसिद्ध गायिका अकांक्षा मेहरा, ‘ज्योत जगे तेरे भवन’ के गायक नीतीश मेहरा, लोकल गायिका मीरा नरियाल और ‘कुथु ते आया मेरा रुणझुनुआ’ से प्रसिद्ध गायक मोहित गर्ग अपनी प्रस्तुतियां देंगे। स्टार नाइट में रोजा राणा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
सभा पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी रामलीला के दौरान प्रतिदिन दर्शकों से सवाल पूछे जाएंगे। सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों में से 10 विजेताओं का चयन लक्की ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा।
इसके अलावा दशहरे की रात बंपर ड्रॉ का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें कुल 51 विभिन्न पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। इस बार बंपर ड्रॉ का मुख्य आकर्षण मेगा पुरस्कार के रूप में बाइक होगी।
बंपर ड्रॉ में शामिल होने के लिए लोगों को रामलीला से संबंधित पूछे गए सवाल का जवाब एक कार्ड पर देना होगा। यह कार्ड रामलीला के दौरान स्टेज के पास बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। प्रतिभागियों द्वारा भरे गए कार्ड दशहरे के दिन आयोजित होने वाले अंतिम लक्की ड्रॉ में शामिल किए जाएंगे।
रामलीला सभा ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रामलीला और स्टार नाइट में पहुंचकर कार्यक्रम का आनंद लेने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
संवाददाता: अंकित वालिया





