नूरपुर के विकास पर गरजे रणवीर सिंह निक्का, बोले- कांग्रेस पहले दे चार साल के काम का हिसाब

उज्जवल हिमाचल । नूरपुर

नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक रणवीर सिंह निक्का ने कांग्रेस प्रतिनिधि अजय महाजन के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि पहले कांग्रेस यह बताए कि प्रदेश में अपनी सरकार होने के बावजूद उसने पिछले चार वर्षों में नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए क्या योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और प्रशासन भी उसके अधीन है, फिर भी नूरपुर अपेक्षित विकास से वंचित क्यों है। विधायक ने दावा किया कि उन्होंने विधायक निधि के माध्यम से करवाए गए विकास कार्यों का पूरा ब्यौरा विधानसभा के भीतर और बाहर रखा है तथा समय आने पर वह अपने विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट जनता के सामने धरातल पर भी प्रस्तुत करेंगे।

रणवीर सिंह निक्का ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार नूरपुर के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही है और विकास कार्यों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ नूरपुर विधानसभा क्षेत्र को मिल रहा है। चाहे रेलवे परियोजनाएं हों, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कार्य हों या प्रधानमंत्री आवास योजना, केंद्र सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है।

विधायक ने लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विभाग ने सड़कों के रखरखाव के लिए टेंडर जारी कर ठेकेदारों को कार्य आवंटित किए, लेकिन अधिकांश स्थानों पर समय रहते काम नहीं हुआ। ठेकेदारों ने तारकोल (बिटुमेन) के बढ़े हुए दामों को काम में देरी का कारण बताया। उनका कहना था कि यदि बारिश से पहले सड़कों की मरम्मत कर दी जाती, तो आज बरसात के मौसम में लोगों को इतनी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।

रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि वह आगामी मानसून सत्र में विधानसभा के भीतर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से इस मुद्दे पर जवाब मांगेंगे। उन्होंने प्रश्न उठाया कि आखिर नूरपुर की जनता को किस वजह से ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है और जिन ठेकेदारों को कार्य आवंटित किया गया था, उनके खिलाफ समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

संवाददाता: विनय महाजन

Please share your thoughts...