उज्ज्वल हिमाचल। शिमला
मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार सभी क्षेत्रों में राशन एवं रसोई गैस जैसे सुविधाएं उपलब्ध करवाएगी। इसी तरह आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तिरपाल जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के डीसी को निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने यह बात विधायक डॉ. हंसराज और त्रिलोक जम्वाल की तरफ से शून्यकाल में उठाए मामले के उत्तर में दी। विधायक डॉ. हंसराज ने चुराह, पांगी और तरेला सहित चंबा जिले के अन्य स्थानों पर राशन की कमी का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन को राशन की कमी को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
वहीं विधायक रीना कश्यप ने सराहां अस्पताल में डॉक्टरों के खाली पद भरने की मांग की। इसके अलावा विधायक रणधीर शर्मा ने श्री नयना देवी में अनेक बस रूट बंद होने का मामला उठाया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आश्वासन दिया किया वह ऐसे बस रूटों को बहाल करने का प्रयास करेंगे। शून्यकाल के दौरान विधायक बलबीर वर्मा ने कहा कि पिछले कल से 66 केवी सब स्टेशन के बंद होने से चौपाल अंधेरे में डूबा है। ऐसे में सरकार को जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करनी चाहिए। मुख्यमंत्री आश्वस्त किया कि सरकार जल्द विद्युत आपूर्ति को बहाल करेगी। विधायक विनोद कुमार ने सरकार की तरफ से घोषित आदर्श अस्पताल गोहर में डॉक्टरों एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी का मामला उठाया।
विधायक रणधीर शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के 8 पटवार सर्कल को पहले की तरह बिलासपुर सदर में जोड़े जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इन्हें नम्होल उप तहसील से जोड़ा गया है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
विधायक इंद्र सिंह गांधी ने अपने विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य संस्थानों में मैडीकल-पैरा मैडीकल स्टाफ कमी के साथ आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल रत्ती, सीएचसी गागल और मेडीकल कालेज नेरचौक में इन समस्याओं को दूर करने की मांग की।





