आपदा पीड़ितों के लिए इंदौरा से भेजी राहत सामग्री

उज्ज्वल हिमाचल। नूरपुर

प्रदेश में हुई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए इंदौरा विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार राहत सामग्री की खेप रवाना की गई। इस बार जीवन-यापन से जुड़ी आवश्यक सामग्री को वाहन में भरकर भेजा गया, जिसका नेतृत्व स्थानीय विधायक मलेंद्र राजन ने किया। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों से आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए सहयोग की अपील की थी, जिस पर इंदौरावासियों ने तत्परता से प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि उनकी एक छोटी सी अपील पर क्षेत्रवासियों ने दिल खोलकर सहयोग किया और बड़ी मात्रा में सामग्री एकत्रित की गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए लगातार कार्य कर रही है और इंदौरा क्षेत्र भी हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर एसडीएम डॉ सुरिंद्र ठाकुर, बीडीओ सुदर्शन सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया, इंदौरा प्रधान भूपाल कटोच, पूर्व उपप्रधान मनोहर सिंह, कांग्रेस कार्यकर्ता नरेंद्र शर्मा, अनिल कटोच, उमा कांत सूदन, धर्मेंद्र निक्का सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

संवाददाता : विनय महाजन