उज्ज्वल हिमाचल। नूरपुर
प्रदेश के मंडी ज़िले में हाल ही में आई भारी वर्षा, भूस्खलन और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई गांवों में मकान गिर गए, सड़कों का संपर्क टूट गया, और सैकड़ों लोग विस्थापित हो गए। ऐसी विकट परिस्थिति में, आईडिया ऑफ़ भारत फाउंडेशन ने त्वरित रूप से राहत एवं सहायता पहुंचाने का कार्य किया है। फाउंडेशन के अध्यक्ष राहुल शर्मा के नेतृत्व में एक सक्रिय और समर्पित टीम ने राहत सामग्री एकत्र करने, पैकिंग, और उसे ज़रूरतमंदों तक पहुंचाने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किया।

संगठन ने मंडी के प्रभावित क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से ज़रूरी वस्तुएं भेजी हैं। इन राहत सामग्रियों में साफ़ पीने का पानी, तिरपाल, बिस्तर, बर्तन आदि शामिल हैं। शर्मा ने कहा कि, “आपदा की इस घड़ी में पीड़ितों की मदद करना हमारा सामाजिक और मानवीय कर्तव्य है। आईडिया ऑफ़ भारत फाउंडेशन का यह प्रयास केवल राहत सामग्री पहुंचाना नहीं, बल्कि पीड़ितों के साथ संवेदनात्मक रूप से खड़ा होना भी है। हम चाहते हैं कि संकट की इस घड़ी में कोई अकेला महसूस न करे। ”उन्होंने बताया कि इस राहत कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए युवाओं, समाजसेवियों और स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। नूरपुर के लोगों ने सामान और आर्थिक सहयोग भेजा। इसके अतिरिक्त, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने भी इस मानवीय पहल में हिस्सा लिया।
संवाददाता : विनय महाजन





