2022 में सरकार को रिपीट करना हमारा दायित्व : अविनाश राय

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। धर्मशाला

भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सत्र को संबोधित करते हुए कहा हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की कनेक्टिविटी बहुत अच्छी है, वह एक सरपंच से भी स्वयं बात करते हैं। उन्होंने कहा कि 2022 में सरकार को रिपीट करना हमारा दायित्व है और इस पर हम सब भली भांति कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक दलों की तुलना में एक हटकर राजनीतिक दल है। इसलिए आज एक चाय बेचने वाला भी देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। उन्होंने कहा कि 2014 में जब भाजपा केंद्र में जीत कर आए तब से देश बदल रहा है, सबका साथ सबका विश्वास के संकल्प के साथ राजनीति में बदलाव भाजपा ने शुरू किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की जनता से आह्वान किया कि जो लोग संपन्न है, वह अपनी गैस की सबसिडी त्याग दें, तो देश के एक करोड़ लोगों ने गैस की सबसिडी का स्वयं त्याग किया। इससे 8 करोड़ जरूरतमंद लोगों को फायदा हुआ, जिसके माध्यम से आज घर-घर कैसे पहुंची है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी सरकार है, जो सार्वजनिक भागीदारी के साथ कार्य करती है। भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि केंद्र सरकार ने अंत्योदय पर बहुत काम किया है, ऐसा भारत के इतिहास में पहली बार हुआ है, जिससे जनता खुश है।

उन्होंने कहा कि पिछले 6 वर्ष में केंद्र सरकार में एक भी घोटाला नहीं हुआ, जहां की कांग्रेस सरकार में देश को लूटने का कार्य होता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री है, जो खुद को प्रधान सेवक कहते हैं, आज उनके प्रयासों से भारत में वीआईपी कल्चर समाप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि जैसी नियत देश के राज्य की होती है। वैसी ही प्रजा की नियत होती है, आज यह हमारा सौभाग्य है कि देश के प्रधानमंत्री की नियत सेवा करने की है, तो पूरी प्रजा की नियत भी सेवा करने की है।

कांग्रेस कार्यकाल में हमेशा देश को लूटने की नियत रही, इसलिए उनकी प्रजा भी देश को लूटने में लगी थी। उन्होंने कहा कि 2014 से अब तक देश की छवि दूसरे देशों में भी सशक्त हुई है। पहले नेता दूसरे देशों में मांगने जाते थे, पर आज के समय में दूसरे देशों को कुछ देने जाते हैं। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा की सरकार किसान हित में कार्य कर रही है, भाजपा की सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड ,किसान सम्मान निधि जिसका फायदा हर बूथ पर 150 से अधिक किसानों को हो रहा है।

फसल बीमा योजना, सॉइलहेल्थ कार्ड जैसी अनेकों योजनाओं से किसान का उद्धार किया है। आज देश का किसान सशक्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 370 ,35ए जैसे बड़े निर्णय लिए है, जिसका फायदा जम्मू-कश्मीर के एक लाख परिवारों को हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा 2017 से सबका साथ सबका विश्वास सबका विकास के नारे के साथ कार्य कर रही है।