उज्जवल हिमाचल कांगड़ा
कांगड़ा स्केटिंग क्लब द्वारा आयोजित रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप-2026 में हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने क्लब की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि कांगड़ा स्केटिंग क्लब स्थानीय बच्चों के भविष्य को सकारात्मक और नई दिशा देने का सराहनीय कार्य कर रहा है।
इस मौके पर स्केटिंग फेडरेशन के निदेशक विनीत वर्मा, करणी सेना के प्रबंधक विशाल, राष्ट्रीय खिलाड़ी राहुल, पवन, कपिल, सुमित, अनिल और अखिल सहित स्केटिंग फेडरेशन के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अजय वर्मा ने चैम्पियनशिप के सफल आयोजन के लिए कांगड़ा स्केटिंग क्लब को बधाई दी और सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एक समय स्केटिंग जैसे खेल केवल बड़े शहरों तक सीमित हुआ करते थे, लेकिन आज गांवों के बच्चे भी इस खेल में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। इसका श्रेय कांगड़ा स्केटिंग क्लब जैसे संस्थानों को जाता है, जो युवाओं को बेहतर मंच उपलब्ध करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रखती हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की स्केटिंग प्रतिभा को नजदीक से देखा और उनके हुनर की जमकर प्रशंसा की।
इससे पहले स्केटिंग फेडरेशन के निदेशक विनीत वर्मा ने मुख्य अतिथि को फेडरेशन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में क्लब और फेडरेशन की ओर से अजय वर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों और क्लब के प्रयासों से प्रभावित होकर अजय वर्मा ने स्केटिंग ग्राउंड के निर्माण के लिए अपनी ओर से 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की। यह घोषणा खिलाड़ियों और आयोजकों के लिए उत्साहवर्धन का कारण बनी।
संवाददाता : अंकित वालिया





