डॉक्टर्स डे पर डॉ. संदीप महाजन का विजन: हिमाचल को आई केयर हब बनाने का संकल्प

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर एस.एम.आई. हॉस्पिटल, कांगड़ा ने प्रदेश के सभी चिकित्सकों, विशेषकर नेत्र रोग विशेषज्ञों को उनके समर्पण, सेवा भावना और मानवीय संवेदनाओं के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अस्पताल के संस्थापक एवं वरिष्ठ नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. संदीप महाजन ने कहा कि डॉक्टर्स डे उन सभी चिकित्सकों को सम्मानित करने का अवसर है, जिन्होंने अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण से लाखों लोगों के जीवन में नई रोशनी और उम्मीद जगाई है।

डॉ. महाजन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के नेत्र रोग विशेषज्ञों ने दुर्गम और दूरदराज़ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाकर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। आज प्रदेश के लगभग हर जिले में सरकारी मेडिकल कॉलेजों, निजी अस्पतालों और ट्रस्ट संस्थानों के माध्यम से आधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। मोतियाबिंद, रेटिना, ग्लूकोमा, कॉर्निया, बाल नेत्र चिकित्सा और लेजर उपचार जैसी उन्नत सेवाओं का लाभ अब प्रदेशवासियों को अपने ही राज्य में मिल रहा है, जो पूरे हिमाचल के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि उनका सपना हिमाचल प्रदेश को आने वाले वर्षों में केवल भारत ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर एक प्रमुख आई केयर डेस्टिनेशन (Eye Care Destination) के रूप में स्थापित करना है। उनका मानना है कि हिमालय की गोद में बसे शांत, स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त वातावरण में देश-विदेश से आने वाले मरीज विश्वस्तरीय नेत्र उपचार किफायती लागत पर प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही वे उपचार के दौरान हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और पर्यटन का भी आनंद उठा सकते हैं।

डॉ. महाजन ने विश्वास जताया कि यदि सरकार, चिकित्सा संस्थान, निजी अस्पताल और समाज मिलकर इस दिशा में कार्य करें, तो हिमाचल को वैश्विक नेत्र चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित करने का सपना जल्द साकार हो सकता है।

डॉक्टर्स डे के अवसर पर एस.एम.आई. हॉस्पिटल ने प्रदेश के सभी नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य, स्वस्थ दृष्टि और सुखद जीवन की कामना करते हुए सभी चिकित्सकों को उनके अमूल्य योगदान के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Please share your thoughts...