उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा
ग्राम पंचायत सहोड़़ा में पहली ग्राम सभा का आयोजन किया गया। यह सभा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें लगभग 250 ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पंचायत प्रधान समीरा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में गांव के विकास और जनसुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
पंचायत प्रधान समीरा ने बताया कि गांव की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सबसे अहम फैसला लिया गया है। अब गांव में आने वाले किसी भी फेरी वाले या किराएदार को पंचायत में अनिवार्य रूप से पंजीकरण करवाना होगा। बिना पंजीकरण के न तो कोई गांव में निवास कर सकेगा और न ही कोई व्यवसाय कर पाएगा। प्रधान ने कहा कि यह कदम बाहरी लोगों पर निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि गांव में होने वाले शुभ अवसरों पर दी जाने वाली बधाई राशि को एक तय सीमा में रखा जाएगा, ताकि फिजूलखर्ची पर अंकुश लगे। “स्वच्छ भारत मिशन” से प्रेरणा लेकर पंचायत ने गांव को साफ-सुथरा बनाने का संकल्प लिया। अब सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने या गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ पंचायत कड़ी कार्रवाई करेगी। साथ ही नशे के खिलाफ भी पंचायत स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
पंचायत प्रधान समीरा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निवारण समयबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि सरकार की हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। पंचायत, जनता के सहयोग और आपसी तालमेल से विकास कार्यों को नई गति देगी।”
सभा के अंत में सभी ने एक स्वर में “स्वच्छ सहोड़़ा, नशा मुक्त सहोड़़ा” बनाने का संकल्प दोहराया।सभा में उप प्रधान सुरजीत, पंचायत सदस्य राजेश कुमार, रणजीत, देश राज, आशा देवी, अरुणिमा, अंजू, रीना, निर्मला और जिला परिषद सदस्य विजय कुमार विजू विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में महिला, युवा और बुजुर्ग ग्रामीण भी सभा का हिस्सा बने।





