मैच के दौरान टूटा स्कूल का छज्जा, 22 लोग घायल; 3 की हालत गंभीर

अब्दुल्लापुर में मची अफरातफरी, तीन घायलों को टांडा किया रेफर; सभी की हालत खतरे से बाहर

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

अब्दुल्लापुर में रविवार को चल रही कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब मैच देखने के लिए एक पुरानी इमारत की छत पर चढ़े लोगों के नीचे छज्जा अचानक टूट गया। छज्जा टूटते ही कई लोग एक-एक कर नीचे गिर गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना के तुरंत बाद घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों के माध्यम से उपचार के लिए उपमंडल अस्पताल कांगड़ा पहुंचाया गया। अस्पताल की वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कल्पना कायस्था ने बताया कि अस्पताल में कुल 22 घायल उपचार के लिए पहुंचे हैं। इनमें से तीन घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। करीब 15 घायलों के एक्स-रे किए जा चुके हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस भवन का छज्जा टूटा, वह काफी पुराना बताया जा रहा है। लोगों का कहना है कि छज्जा अचानक पूरी तरह गिरने के बजाय धीरे-धीरे टूटकर नीचे आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि छज्जा एक साथ गिरता तो हादसा और गंभीर हो सकता था। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा। प्रशासन और पुलिस की ओर से भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।

घायलों में कुलदीप ,अनवी राणा,गगन कुमार,सवरमा,सुदेश कुमार,पूर्वी, सपना , हर्ष,दक्षा,आनया, अमन, सुजल, सुजल , मोहित, मोहित,आर्यन, अमीश, विक्रांत, आयुष, शुभम्, अर्पित,ध्रुव, सूर्यास, आकर्ष, प्रशांत,अभिषेक, अजय, शानो, विजय कुमार , कैलाश है। इनमें से, हर्ष सुजान व मोहित को टांडा रेफर किया गया है।

इस बाबत अब्दुल्लापुर के प्रधान संजय कांचा से बात की तो उन्होंने कहां की यह जो बिल्डिंग है यह स्कूल की बिल्डिंग है। बार-बार आग्रह करने के बावजूद भी उन्होंने बिल्डिंग को डिस्मेंटल नहीं किया जिस कारण यह घटना आज हुई है। और भी ग्राउंड के नजदीक कुछ एक ऐसी बिल्डिंग है जिन्हें अनसेफ कर डिक्लेअर करना बहुत जरूरी है अगर समय पर इन्हें अनसेफ डिक्लेअर नहीं किया गया तो आने वाले समय और भी घटनाएं घट सकती हैं।