टैलेंट दे दना दन युवाओं की प्रतिभा निखारने का कर रहा बेहतरीन कार्य : डॉ अंजलि गर्ग

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने ‘टैलेंट दे दना दन’ द्वारा चिट्टे और अन्य नशों के खिलाफ चलाई जा रही जागरूकता मुहिम के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक सुमित गुप्ता, प्रतिभागी बच्चे, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान डांस, गायन, पेंटिंग, मॉडलिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।

मुख्य अतिथि डॉ. अंजलि गर्ग ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक मंच बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि जब बच्चे खेल, कला, संगीत और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ते हैं, तो वे स्वाभाविक रूप से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहते हैं।

उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच देना ही नहीं, बल्कि उन्हें नशामुक्त और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी रहा। इस अवसर पर अभिभावकों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए इसे युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक सराहनीय पहल बताया।

संवाददाता: तेजस्वी चौधरी

Please share your thoughts...