नव वर्ष में नया लक्ष्य लेकर उसे पाने के लिए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें : बाली

उज्जवल हिमाचल।नगरोटा

नव वर्ष में नई सोच के साथ नया लक्ष्य निर्धारित करके उसे पाने के लिए सकारात्मक सोच के साथ पूरी दृढ़ता के साथ आगे बढ़ें कामयाबी अवश्य मिलेगी यह उद्गार हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने नव वर्ष के प्रथम दिन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एरला और सदु बरग्रां के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यअतिथि बनकर पहुँचने पर कहे। उन्होंने समस्त विधानसभा क्षेत्र वासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दोनों विद्यालयों को वार्षिक समारोह के लिए बधाई दी।

संबोधन के दौरान उन्होंने कहा नव वर्ष में नए संकल्प के साथ हमें आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा हम सभी को अपने जीवन में नववर्ष के मौके पर एक नया लक्ष्य लेकर उसे पूरा करने की तरफ बढ़ना चाहिए उन्होंने सभी से अपना लक्ष्य निर्धारित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा उनका एकमात्र लक्ष्य है नगरोटा विधानसभा क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाना। जिसके लिए वह निरंतर प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने कहा शिक्षा के क्षेत्र में अनेकों नए बदलाव भविष्य में सकारात्मक रूप में बाहर आएंगे जिनका फायदा गांव और गरीब को होगा। उन्होंने कहा वर्तमान सरकार ने प्रदेश में विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए 850 संस्थानों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया है।

राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल बच्चों के भविष्य को एक नया आयाम देने के लिए अहम साबित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई का अपना वायदा भी पूरा किया है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीक से लैस राजीव गांधी डे.बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। जिसमें नगरोटा विस क्षेत्र के कबाड़ी में भी डे बोर्डिंग स्कूल का निर्माण किया जा रहा है। बाली ने कहा कि राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों में सभी अत्याधुनिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं से बच्चों के समग्र विकास पर जोर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बच्चों के सम्पूर्ण विकास हेतु पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा विधानसभा क्षेत्र में वह जल्द स्वास्थ्य सुविधाओं की तरफ एक बड़ा कार्य करने जा रहे हैं जिसके होने से लोगों को घर के पास ही चिकित्सा सुविधा मिलेगी।इस से पूर्व प्रधानाचार्या नीलम कुमारी ने एरला विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और प्रधानाचार्य सदु बरग्रां कुलदीप ठाकुर ने मुख्य अतिथि के समक्ष सदु बरग्रां विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। उन्होंने विद्यालय की समस्त गतिविधियों का विवरण मुख्य अतिथि के समक्ष दिया। उन्होंने मुख्य अतिथि के समक्ष विद्यालयों की समस्याओं को भी रखा।

मुख्यअतिथि ने परीक्षाओं, खेलों, संस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार बांटे। उन्होंने गणमान्य लोगों को भी स्मृति चिन्ह दिए। उन्होंने एरला विद्यालय में वॉलीबॉल सिंथेटिक ट्रैक, सोलर लाइट, रेलिंग मरम्मत के लिए 2 लाख और शौचालय निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने प्राइमरी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए भी 10 हजार रुपये दिए।

उन्होंने सदु बरग्रां विद्यालय की भी सभी मांगों को पूरा करने के लिए कहा। यह रहे उपस्थित मुख्य अतिथि सहित एसडीएम मुनीश शर्मा, प्रधानाचार्य नीलम कुमारी, प्रधानाचार्य कुलदीप ठाकुर, प्रधानाचार्य निखिल शर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, अन्य विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त अध्यापक , अभिभावक और बच्चे मौजूद रहे।