एनएसएस का सात दिवसीय शिविर सफलतापूर्वक संपन्न

उज्जवल हिमाचल।नूरपुर

राजकीय आर्य महाविद्यालय, नूरपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का उद्घाटन समारोह आज हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ठाकुर ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ठाकुर ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस युवाओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें समाज की वास्तविक समस्याओं से रूबरू कराते हैं।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ने शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि सात दिनों तक चलने वाले इस विशेष शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता, नशा उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन समारोह के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा एनएसएस गीत की सशक्त प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी वर्ग और बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

संवाददाता :विनय महाजन