जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा के छात्र शुभम राणा बनेंगे फ्लाइंग ऑफिसर

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा के लिए यह गर्व का क्षण है कि विद्यालय के पूर्व छात्र शुभम राणा ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से CDS/AFCAT 2025 परीक्षा प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अब शुभम राणा भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में शामिल होंगे।

शुभम राणा ने अपनी शिक्षा जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा से प्राप्त की। अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने CDS/AFCAT परीक्षा को पहले ही प्रयास में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया।

शुभम राणा के पिता विजय सिंह सेवानिवृत्त आर्मी सूबेदार हैं और माता वंदना राणा गृहिणी हैं। बेटे की सफलता पर पिता ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा, “शाबाश बेटे, तुमने हमारा नाम रोशन किया है।” वहीं उनकी माता भी बेटे की इस उपलब्धि से बेहद खुश और भावुक हैं।

जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा के प्रधानाचार्य डाक्टर सुरेश शर्मा , शिक्षकों और सभी विद्यार्थियों ने शुभम राणा को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।प्रधानाचार्य ने कहा कि शुभम की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है कि मेहनत, लगन और समर्पण से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

Please share your thoughts...