देव कमरूनाग और पराशर की पहाड़ियों ने ओढ़ी सफेद चादर

उमेश भारद्वाज। मंडी

मंडी जिला की पहाड़ियों पर ताजा हिमपात हो गया है। पिछले कल से मौसम ने करवट बदली थी, जिसके बाद से ही जिला के अधिक उंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की संभावना बन गई थी। आज सुबह करीब 5 बजे से इन क्षेत्रों में हिमपात का दौर शुरू हुआ। जिला के प्रसिद्ध शक्तिपीठ शिकारी देवी में 2 फीट बर्फबारी का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं, देव कमरूनाग और पराशर की पहाड़ियां भी बर्फबारी से सफेद हो गई है।

इसके साथ ही सराजघाटी के शैटाधार और द्रंग क्षेत्र के बरोट की पहाडि़यों पर भी ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। वहीं, जंजैहली सहित अन्य नीचले क्षेत्रों में भी ताजा हिमपात हुआ है। हालांकि यहां बर्फ काफी कम गिरी है, लेकिन जिस तरह से मौसम का मिजाज बना हुआ है। उससे और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

हालांकि अभी इस बर्फबारी से सामान्य जनजीवन अधिक प्रभावित नहीं हुआ है। सराज क्षेत्र के छतरी के लिए जाने वाले मार्ग पर यातायात बंद हुआ है, जबकि बाकी मार्गों पर यातायात पूरी तरह से बहाल है। बर्फबारी के कारण पूरे जिला में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।