…तो क्या सराज से चेतराम ठाकुर होंगे कांग्रेस के प्रत्याशी

उज्जवल हिमाचल। मंडी

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के चुनावों के नजदीक आते ही सभी नेता टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। और सूबे की राजनीति एक बार फिर गर्माने लगी हैं। इसी बीच मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह अपने प्रवास के दौरान आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कई हलकों में पार्टी कार्यकर्ताओं व लोगों की नब्ज टटोल गई। सराज हलके के बगलामुखी मंदिर बाखली में एक बैठक के दौरान प्रतिभा सिंह ने प्रदेश कांग्रेस महासचिव चेतराम ठाकुर को 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का भावी उम्मीदवार घोषित कर दिया। वह पूर्व में भी सराज से प्रत्याशी रहे हैं। प्रतिभा सिंह 25 जनवरी को अपने सराज के प्रवास पर थी।

उसी दिन देर शाम चेतराम समर्थकों ने एक कार्यक्रम रखा था। बैठक में प्रतिभा सिंह ने सुखराम परिवार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा को हाईकमान ने बिना चर्चा से आनन-फानन में टिकट दिया था। आश्रय राजनीति में सक्रिय नहीं था। उसको कार्यकर्ताओं ने ही नहीं बल्कि जनता ने भी नकारा और करीब सवा चार लाख मतों से हार का मुंह देखना पड़ा। उन्होंने कहा कि वह चुनाव नहीं लड़ना चाहती थीए लेकिन कार्यकर्ताओं का मान रखते हुए इस बार उपचुनाव लड़ा। सवा चार लाख की बढ़त कवर करने के अलावा आठ हजार मत अधिक लिए। यह चुनाव माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने जैसेे था।

बकौल प्रतिभा सिंह उनके पति स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का सपना था कि चेतराम ठाकुर सराज हलके के विधायक होने चाहिए। वीरभद्र सिंह के सपनें को 2022 में साकार किया जाएगा। प्रतिभा सिंह के सदर हलके में आयोजित कार्यक्रमों में कांग्रेस महासचिव आश्रय शर्मा गायब रहे। कौल की बेटी चंपा ठाकुर ने कार्यक्रमों में भीड़ जुटा अपना दमखम दिखा। प्रतिभा सिंह उनके नाम की पैरवी कर गई। 2017 के चुनाव में सदर हलके से चंपा ठाकुर कांग्रेस उम्मीदवार थी। प्रतिभा सिंह के बयान का वीडियो भी वायरल हो रहा है। उनके बयान के बाद कांग्रेस में हड़कंप मचा है।