नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम जारी, 5.98 ग्राम हेरोइन सहित आरोपी गिरफ्तार

उज्जवल हिमाचल । पालमपुर

कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की गई है। जिला पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टैक्सी नंबर HP01D-8187 में सवार एक युवक के कब्जे से 5.98 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नमन कटोच (26) पुत्र विजय चंद, निवासी गांव पडियारखर, डाकघर सुंगल, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पुलिस थाना पंचरुखी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम गश्त पर थी, तभी उन्हें विश्वसनीय सूचना मिली कि आरोपी चंडीगढ़ से भारी मात्रा में चिट्टा लेकर अपने घर की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में थाना पंचरुखी क्षेत्र के तहत मन्याडा-खैरा मार्ग पर ठंडोल पुल के पास नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध टैक्सी को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें आरोपी के कब्जे से 5.98 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

कांगड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

संवाददाता : बलजीत शर्मा