स्वतंत्रता दिवस पर 30 हजार पेंशनरों को आर्थिक आजादी का तोहफा दें मुख्यमंत्री

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश के करीब 30 हजार पेंशनर्स पिछले चार वर्षों से अपने वैध वित्तीय लाभों का इंतजार कर रहे हैं। अब पेंशनर्स ज्वाइंट फ्रंट, हिमाचल प्रदेश ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इन लंबित वित्तीय लाभों की घोषणा कर वरिष्ठ नागरिकों को राहत देने की मांग की है।

यह मांग 5 अगस्त को बिलासपुर के कोल वैली नर्सिंग इंस्टीट्यूट, हरनोरा में आयोजित ज्वाइंट फ्रंट की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के माध्यम से उठाई गई। राज्य अध्यक्ष आत्मा राम शर्मा, संयोजक हरीश शर्मा, महासचिव हुक्म सिंह ठाकुर तथा प्रवक्ता कल्याण भंडारी ने संयुक्त बयान में कहा कि सरकार ने अधिकांश पेंशनर्स के एरियर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के ग्रेच्युटी व लीव इनकैशमेंट का भुगतान कर दिया है, लेकिन क्लास-1, क्लास-2 और क्लास-3 के हजारों पेंशनर्स अब भी अपने वित्तीय लाभों से वंचित हैं।

फ्रंट के अनुसार, जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स पिछले चार वर्षों से भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। देरी के कारण उन्हें बकाया राशि पर मिलने वाले ब्याज का भी लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।

ज्वाइंट फ्रंट ने बताया कि 4 मई और 21 जुलाई को मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठकों में महंगाई राहत और अन्य लंबित देनदारियों के भुगतान का आश्वासन दिया गया था। संगठन ने उम्मीद जताई कि 15 अगस्त को मुख्यमंत्री इस संबंध में सकारात्मक घोषणा करेंगे।

साथ ही फ्रंट ने चेतावनी दी कि यदि स्वतंत्रता दिवस तक भुगतान संबंधी अधिसूचना जारी नहीं की गई, तो अक्टूबर में शिमला में प्रदेशव्यापी बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।