गांवों से शहरों तक मजबूत हो खेल ढांचा, हो बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं : महेंद्र सिंह ठाकुर

उमेश भारद्वाज। मंडी

हिमाचल सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में गांवों से शहरों तक खेल ढांचा मजबूत हो तथा खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण सुविधाएं और बेहतर हों। इसके लिए नए स्टेडियम बनाने और खेल प्रशिक्षण की सुविधाओं को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ये बात जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के संधोल में देश राज शर्मा खेल परिसर में आयोजित 19वीं अखिल भारतीय डॉ. वाईएस परमार मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कही।

यह भी देखें : पूर्व कांग्रेस विधायक की शादी की सालगिरह पर पहुंचे पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी

प्रदेश के युवा सेवाएं एवं खेल विभाग द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला के तहत 19 से 21 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर की 12 टीमों के लगभग 200 खिलाड़ी एवं सहायक स्टाफ भाग ले रहे हैं। इनमें 8 टीमें पुरुषों की और 4 महिला टीमें हैं। इस मौके जल शक्ति मंत्री ने संधोल से संबंध रखने वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के वॉलीबाल खिलाड़ी स्व. देश राज शर्मा की खेल परिसर में नवस्थापित मूर्ति का अनावरण किया। इस खेल परिसर का नामकरण भी देश राज शर्मा के नाम पर किया गया है। मंत्री ने उनकी खेल सेवाओं को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

पेयजल सुविधा के सुधार पर जोर
खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ के उपरांत अपने संबाेधन में जल शक्ति मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन में हर घर को नल से शुद्ध जल की व्यवस्था के लिए इस वर्ष लगभग 1500 करोड़ खर्च करने के साथ-साथ एशियन विकास बैंक के माध्यम से पुरानी पेयजल योजनाओं के जीर्णोद्धार पर एक हजार करोड़ व्यय किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में नई पेयजल योजनाओं के लिए ब्रिक्स और एनडीबी के सहयोग से 800 करोड़ के अलावा प्रदेश में सीवरेज व्यवस्था के सुधार व विस्तार पर एएफडी के सहयोग से 900 करोड़ खर्चे जा रहे हैं।

संधोल-टिहरा में पेयजल और सिंचाई को पौने 300 करोड़
जल शक्ति मंत्री ने कहा कि संधाेल और टिहरा क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई सुविधा पर करीब पौने 300 करोड़ खर्चे जा रहे हैं। ब्यास नदी से 115 करोड़ की सिद्धपुर-कमलाह-मंडप योजना और करीब 112 करोड़ की संधोल से टोरखोला-टिहरा-रखोह उठाऊ पेयलज योजना का काम ज़ोरों पर है। इनसे संधाेल और टिहरा क्षेत्र में पेयजल सुविधा और मजबूत होगी। इसके अलावा ब्यास से बन रही संधोल से टोरखोला-टीहरा-रखोह जल ऊठाऊ योजना का काम भी तेज गति से चल रहा है। संधोल व आसपास की आठ पंचायतों के लिए 20 करोड़ की नई जल ऊठाऊ योजना और सिंचाई के लिए संधोल में 25 करोड़ की योजना का काम भी तेजी से चल रहा है।

कार्यक्रम में ये भी रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी रजत ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंडल भाजपा कश्मीर सिंह, जिला परिषद सदस्य मीना कुमारी प्रधान सौहर पंचायत इंदरा देवी, खेल विभाग शिमला के अनुराग वर्मा, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी मंडी नरेश कुमार, स्पोर्ट्स एंड क्लचरल क्लब संधोल के प्रधान राजकुमार शर्मा और महासचिव शैलेंद्र शर्मा, महासचिव तथा पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी स्व. देश राज शर्मा के परिवार जन सहित प्रतिभागी और अन्य लोग उपस्थित रहे।