विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन अपनाने का संदेश दे गए डॉ. राजेश शर्मा

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

सेंट मेरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिद्धपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. राजेश शर्मा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि केवल किताबी ज्ञान ही सफलता का आधार नहीं है, बल्कि अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास और अनुशासित जीवन भी व्यक्ति को आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डॉ. राजेश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। ऐसे में उन्हें अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए निरंतर सीखना और चुनौतियों का डटकर सामना करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण पर ध्यान देना भी सराहनीय कार्य है। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, अध्यापकगण और विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि डॉ. राजेश शर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Please share your thoughts...