उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
कांगड़ा पंचायत समिति अध्यक्ष ओर उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थकों की जीत को प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष विधायक पवन काजल ने सत्य ओर ईमानदारी की जीत करार दिया है। चुनाव परिणाम घोषित होने पर विधायक पवन काजल खंड विकास कार्यालय पहुंचे। काजल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनूप ओर उपाध्यक्ष पूनम को चुनरी, हार पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति में भाजपा की यह जीत सत्य और ईमानदारी की जीत है। काजल ने आरोप लगाया कि चुनाव में भाजपा समर्थित 18 समिति सदस्य जीते थे, लेकिन स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने सत्ता का दुरुपयोग कर उनके सदस्यों को विभिन्न प्रलोभन देकर भटकाने का असफल प्रयास किया।
विधायक काजल ने यह भी दावा किया कि यह पहला पंचायत समिति चुनाव था, जिसमें लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग के एक्सईएन और खंड विकास कार्यालय के अधिकारियों ने समिति सदस्यों को डरा-धमकाकर कांग्रेस का समर्थन करने का दबाव बनाया। उन्होंने ऐसे अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि आने वाला समय भाजपा का है और कांगड़ा पंचायत समिति के बाद जिला परिषद पर भी भाजपा का कब्जा होगा। काजल ने कांगड़ा जल शक्ति मंडल कार्यालय में भ्रष्टाचार के कई लंबित मामलों का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि अधिकारी समिति सदस्यों से वोट मांग रहे थे। ऐसे अधिकारियों को सबक सिखाया जाएगा।
विधायक ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह पर महिलाओं को मासिक 1500 रुपये देने में विफल रहने का आरोप लगाया। बेरोजगारों को स्थायी सरकारी रोजगार देने के बजाय, मित्रों के नाम पर अस्थायी नौकरियां देकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। काजल के अनुसार, पंचायत चुनावों में जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। इस अवसर पर जिला पार्षद विजय चौधरी, सुनीता, मंडल भाजपा अध्यक्ष रंजीत, अशोक और सत प्रकाश, रमेश महेशी, शंकर, कुलदीप, ज्योति प्रकाश, सुरेश वालिया, देवी लाल, चम्पा भारद्वाज, रेखा सहित कई भाजपा नेता, पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।





