उज्जवल हिमाचल। शिमला
4 जून को देशभर में 2024 आम चुनाव के नतीजे आने हैं। लिहाजा मतगणना को लेकर तैयारियां भी की जा रही हैं। हिमाचल प्रदेश में चार लोकसभा और छह विधानसभा सीटों के लिए मतगणना होनी है। प्रदेशभर में मतगणना के लिए 31 स्थान निर्धारित किए गए हैं। प्रदेश में लोकसभा के लिए 72 और विधानसभा उपचुनाव के लिए 6 अतिरिक्त केंद्र बनाए गए हैं। लोकसभा चुनाव के लिए बनाए गए 72 केंद्रों में से 68 केंद्रों पर ईवीएम और 4 केंद्रों पर पोस्टल बैलेट मतों की गणना होगी। सुबह 8 बजे मतगणना आरंभ होने के बाद रुझान आने शुरू हो जाएंगे। प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी मनीष गर्ग ने कहा कि 4 जून को हिमाचल की चार लोकसभा और 6 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना होनी है। उन्होंने बताया कि इसको लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी काउंटिंग स्टेशन पर लगा दी गई है। इसके अलावा सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 31 स्थानों पर मतगणना होनी है। चार लोकसभा सीटों पर मतगणना के लिए 72 स्टेशन बनाए गए हैं। इसमें 68 स्टेशन पर ईवीएम के मतों की गणना होगी। वहीं लोकसभा के लिए 4 स्टेशन पोस्टल बैलेट मतों की गणना के लिए बनाए गए हैं। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र के लिए 6 अतिरिक्त स्टेशन बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। विधानसभा के नतीजे 12 बजे के आसपास तक साफ हो जाएंगे। वहीं शाम होते-होते हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों पर नतीजे भी साफ हो जाएंगे।