प्रदेश में जब से बीजेपी सत्ता पर काबिज हुई हैं, तब से ही मंहगाई ने लोगों का खून चूस लिया: सोहन लाल ठाकुर

उमेश भारद्वाज। मंडी

देश और प्रदेश में लगातार बढ़ रहे पैट्रोल और डीजल के दामों पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा जुबानी हमला बोला है। अपने बयान में सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार काबिज हुई हैं, तब से ही मंहगाई ने लोगों का खून चूस लिया है। खाद्य पदार्थों सहित लगातार पैट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से गरीबों की कमर टूट गई है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 5 राज्यों में चुनावी फायदा लेने के लिए पैट्रोल के दामों में नाममात्र गिरावट कर लोगों को मूर्ख बनाया गया था। लेकिन चुनाव समाप्त होते ही सरकार ने एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना शुरू कर दिया है। केंद्र सरकार आज भी चुनावी जुमलों का खेल खेल रही है और जनता को मूर्ख बनाने का कार्य कर रही है। सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि चुनावों के मद्देनजर केंद्र सरकार ने वोट पाने के लिए पैट्रोल-डीजल के दाम थोड़े से कम किए और चुनाव खत्म होते ही दाम बढ़ा दिए हैं। इससे भाजपा का चुनावी स्टंट और चुनावी जुमले फिर से जनता के सामने आ गए हैं। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से अन्य वस्तुओं के रेट भी बढ़ गए हैं, जिसका सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ा है।

उन्होंने कहा कि महंगाई अब रुकने वाली नहीं है। यह निरंतर बढ़ रही है और आगे भी बढ़ती रहेगी। सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सीमैंट, पैट्रोल-डीजल एवं सरसों के तेल आदि की कीमतें जंगल की आग की तरह निरंतर बढ़ रही हैं। इससे आमजन का जीना मुश्किल हो गया है। सोहन लाल ठाकुर ने केंद्र और प्रदेश सरकार से बढ़े हुए पेट्रोल और डीजल के दामों को वापस लेने की मांग की है।