शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत: मलेंद्र राजन

उज्जवल हिमाचल।इंदौरा

विधायक मलेंद्र राजन ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मलाहड़ी में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने बताया कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में शीघ्र ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का शिलान्यास किया जाएगा।

विधायक ने जानकारी दी कि विद्यालय की बाउंड्री वॉल के लिए 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है, जबकि किचन शेड निर्माण हेतु प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेज दिया गया है। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि मलाहड़ी पंचायत में 12 लाख रुपये की राशि विभिन्न पंचायत विकास कार्यों के लिए प्रदान की गई है।विधायक मलेंद्र राजन ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर पढ़ाई व रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने इंदौरा उत्सव की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उत्सव क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों, खेल प्रतिभाओं एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम बना है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा चिट्टे के खिलाफ विशेष मुहिम शुरू की गई है, ताकि युवाओं को इस घातक नशे से बचाया जा सके, और इंदौरा उत्सव के माध्यम से भी इस अभियान को आगे बढ़ाया गया है। विधायक ने पूर्व में की गई घोषणा को दोहराते हुए कहा कि प्रदेश स्तर पर मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाली बालिका को21 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी, जिससे छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।इसके साथ ही विधायक ने बताया कि घडरां–मौकी–रेहन सड़क का निर्माण लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी और आवागमन सुगम बनेगा।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें सराहते हुए विधायक मलेंद्र राजन ने अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार देने की घोषणा की। इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य सतीश कंदोरिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। समारोह में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दविंद्र मनकोटिया, विद्यालय के प्रधानाचार्य सतीश कंदोरिया, सैनिक कल्याण बोर्ड के सदस्य सुखदेव सिंह, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष वजिंदर पठानिया, पूर्व उप-प्रधान मंगल दास, पूर्व प्रधान जसवंत सिंह, बलदेव सिंह, दर्शन सिंह, सूरज चौधरी, नीरज कुमार, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी स्किंदर सिंह तथा कनिष्ठ अभियंता जल शक्ति प्रदीप शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अध्यापक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

संवाददाता विनय महाजन