उज्जवल हिमाचल। बिलासपुर
प्रदेश सरकार तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा भाजपा ने सरकार को गिराने का बडा षड्यंत्र रचा था। भाजपा के एक गुट ने दूसरे गुट को नीचा दिखाने के लिए यह सारी प्लानिंग की थी और एक तीर से कई निशाने साधने को कोशिश की गई थी लेकिन, वह पूरी तरह से विफल रही। छह विधायकों ने सरकार और जनता को धोखा दिया। जिनमें से चार उप चुनाव भी हार गए।
उन्होंने कहा कि जो निर्दलीय विधायक थे, उनके दिल में यदि लोगों का हित सर्वोपरि होता, तो वह रिजाइन देने के बजाए जनता के लिए कार्य करते लेकिन, भाजपा ने इन्हें अपने ट्रैप में फंसा लिया। आज उसका यह नतीजा है कि वह विधायकी से भी बाहर हो गए। अब उपचुनाव है, जिसे कांग्रेस जीतेगी। वहीं, उन्होंने मुख्यमंत्री की पत्नी को देहरा विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिए जाने को लेकर भाजपा द्वारा दिए जा रहे बयानों पर पलटवार लेकर हुए कहा कि भाजपा पहले अपने गिरेबान में झांक कर देखे।
उनमें कितने ही ऐसे नेता हैं जो विधायक और सांसद बने हैं, जिसके परिवार के सदस्य भी कई बड़े पदों पर रहे हैं। भाजपा सभी नियम और कानून कांग्रेस पर लागू करने की बात करती है, जबकि अपने अंदर झांकने की कोशिश नहीं करती। मुख्यमंत्री की पत्नी को इसलिए टिकट दिया गया है क्योंकि वहां जो सर्वे किया गया था, उसमें वह पात्र कैंडिडेट के रूप में सामने आई है। देहरा से मुख्यमंत्री का पुश्तैनी नाता रहा है। साथ ही उनकी धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर का मायका भी साथ लगते गांव में है। जिसके चलते लोगों की मांग थी कि वह वहां से चुनाव लड़ें, जिससे देहरा का चौमुखी विकास हो सके।