कांगड़ा में बदलेंगी पुरानी पेयजल पाइपें, दो करोड़ से सुधरेगी जलापूर्ति व्यवस्था

नंदरूल पंचायत के प्रतिनिधियों ने एपीएमसी चेयरमैन निशु मोंगरा से उठाई मांग, दो माह में पाइपें बदलने का दिया आश्वासन

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुरानी पाइपलाइनें बदली जाएंगी। इस कार्य पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह जानकारी एपीएमसी चेयरमैन एवं हिमाचल कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष निशु मोंगरा ने नंदरूल पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान और वार्ड सदस्यों के साथ बैठक के दौरान दी।

जमानाबाद रोड स्थित इच्छी कार्यालय में नंदरूल पंचायत के प्रतिनिधियों ने मोंगरा से मुलाकात कर बताया कि पंचायत में वर्षों पुरानी पेयजल पाइपलाइन के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले पंचायत में करीब 40 पेयजल कनेक्शन थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर लगभग 400 हो गई है। बढ़ती आबादी और पुरानी पाइपलाइन के कारण जलापूर्ति प्रभावित हो रही है।

इस पर निशु मोंगरा ने आश्वासन दिया कि अगले दो माह के भीतर नंदरूल पंचायत की पुरानी पाइपलाइन बदलने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि केवल नंदरूल ही नहीं, बल्कि खोली, कोहाला, भंगवार, रानीताल और जनयानकड़ सहित अन्य क्षेत्रों में भी नई पेयजल पाइपें बिछाई जाएंगी, ताकि लोगों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके। मोंगरा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेता कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन अपने कार्यकाल में पुरानी पाइपलाइनें तक नहीं बदल सके।

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पाइपलाइन बदली जाती तो लोगों को आज इस समस्या का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने यह भी कहा कि कम से कम लोगों को दिन में दो समय नियमित पानी उपलब्ध कराया जाना चाहिए था।
मोंगरा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दे रही है और जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से काम कर रही है।

Please share your thoughts...