झूठी और भड़काऊ खबरें फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसपी नूरपुर

उज्जवल हिमाचल । नूरपुर

नागनी मेले में दो महिलाओं के साथ मारपीट के वायरल वीडियो को लेकर जिला पुलिस नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि घटना को सोशल मीडिया पर गलत तरीके से सांप्रदायिक रंग देकर प्रसारित किया जा रहा है, जो पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूरपुर डीसी वर्मा ने प्रेस नोट जारी कर बताया कि 25 जुलाई को नागनी मेले में दो महिलाओं के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। पुलिस के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व इस घटना को भ्रामक दावों के साथ विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर कर रहे हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह मामला पूरी तरह कानून-व्यवस्था से जुड़ा हुआ है, जिसमें कथित चेन स्नेचिंग और उसके बाद भीड़ द्वारा की गई मारपीट शामिल है। इस घटना का किसी भी प्रकार से कोई सांप्रदायिक पहलू नहीं है। पुलिस के अनुसार इस मामले में थाना नूरपुर में बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। वहीं वीडियो में दिखाई दे रही दोनों महिलाओं के खिलाफ भी चेन स्नेचिंग के संबंध में थाना नूरपुर में मामला दर्ज किया गया है।

एएसपी डीसी वर्मा ने बताया कि दोनों मामलों की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है तथा साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है और मारपीट के पहलू की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।

नूरपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी घटना को बिना तथ्यों की पुष्टि किए साझा न करें और उसे सांप्रदायिक रंग देने से बचें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संवाददाता: विनय महाजन 

Please share your thoughts...