बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन कांगड़ा इकाई की तीसरे दिन भी हड़ताल जारी

52 सालों में पहली बार तनख्वाह मिलने में हुई देरी

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

आज विद्युत परिषद कांगड़ा के परिसर में भोजनावकाश के दौरान जोनल सचिव गुलशन कुमार की अध्यक्षता में तीसरे दिन भी धरना प्रदर्शन कर वेतन व पेंशन की जल्द से जल्द बहाली की मांग कर्मचारियों द्वारा की गई और स्थायी/जबाबदेह प्रबंध निदेशक लगाने की मांग की गई। उपरोक्त धरना प्रदर्शन में विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन कांगड़ा यूनिट के अध्यक्ष आशीष कटोच, सचिव पंकज कुमार, मुख्य सलाहकार यश पाल, उप प्रधान सुरजीत कुमार, विजय कुमार, सोनू, देव द्त और पेंशनर फॉर्म की ओर से आर सी भारती जिला अध्यक्ष कांगड़ा तथा वरिष्ठ उप प्रधान जोगिन्दर सिंह के अतिरिक्त कईं कर्मचारियों और पेंशनरों ने भाग लिया।

इस दौरान उन्होंने सरकार के इस लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की वह बताया कि 52 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि बिजली बोर्ड कर्मचारियों को समय पर वेतन व पेंशन नहीं मिल सकी है। यदि इसी तरह जारी रहा तो बिजली बोर्ड कर्मचारी जल्द ही बिजली सेवाओं में, बिजली आपूर्ति बाधित कर अपनी हड़ताल को उग्र रूप देंगे। उनका कहना है कि सरकार को नए साल में इस तरह का व्यवहार बिजली कर्मचारियों के साथ नहीं करना चाहिए था। इससे प्रदेश में लाखो कर्मचारी प्रभावित हो रहे है।

यह भी पढ़ेंः सशक्त महिला योजना पर किया गया जागरूक

कईं वृद्ध कर्मचारी अपनी पेंशन आने के इंतजार में हर रोज बैंको के चक्कर काट कर लंबा इंतजार बैंको में कर रहे है। पेंशन व तनख्वाह ना मिलने पर कर्मचारी मायूस वापिस घरों को लौट रहे है। कर्मचारियों की सैलरी ना आने से कर्मचारियों को लोन भरने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हिमाचल सरकार से कांगड़ा बिजली बोर्ड यूनिट के अध्यक्ष आशीष कटोच समेत सैकड़ों कर्मचारियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द कर्मचारियों की पेंशन व सैलरी को बहाल किया जाए।

संवाददाताः अंकित वालिया

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें