उज्ज्वल हिमाचल। शाहपुर
एचआईईटी शाहपुर परिसर में 5 एचपी कंपनी धर्मशाला द्वारा भव्य एनसीसी नामांकन शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें नए विद्यार्थियों ने जोश, ऊर्जा और देशभक्ति के जज़्बे के साथ भाग लिया। इस अवसर पर 150 से अधिक विद्यार्थियों ने नामांकन के लिए आवेदन किया, जिनमें से चयन प्रक्रिया के बाद 40 होनहार विद्यार्थियों का चयन किया गया। नामांकन प्रक्रिया का सफल संचालन सूबेदार संतोष, सूबेदार अवतार सिंह, हवलदार सुनील कुमार, इंस्ट्रक्टर संजीव एवं इंस्ट्रक्टर ज्योति नेगी द्वारा किया गया।

चयन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों की शारीरिक क्षमता, अनुशासन, मानसिक दृढ़ता और नेतृत्व कौशल का परीक्षण किया गया। संस्थान के प्रबंध निदेशक दुश्यंत कैस्थाअ ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा, एनसीसी न केवल राष्ट्र सेवा का मार्ग दिखाती है, बल्कि जीवन में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का निर्माण करती है। जो युवा आज वर्दी पहनते हैं, वही कल देश की शान बनते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को हमेशा देश के प्रति निष्ठावान और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने का संदेश दिया।

इस अवसर पर कैप्टन सुनील कुमार, वीरेंद्र सिंह एवं सीटीओ दीपक बाधन भी उपस्थित रहे, जिन्होंने चयनित छात्रों को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। एनसीसी में चयनित ये 40 विद्यार्थी न केवल कॉलेज का नाम रोशन करेंगे, बल्कि राष्ट्र सेवा में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इस आयोजन ने एचआईईटी शाहपुर के परिसर में एक नई ऊर्जा और देशभक्ति की लहर भर दी।





