कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र को सुक्खू सरकार व पर्यटन मंत्री ने दिए 10 करोड़ रुपये

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र की जनता ने सड़क सुधार कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपये की स्वीकृति पर हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया है। बताया गया कि तकिपुर हाइवे से लेकर पुराना रोड दौलतपुर, नई-पुरानी सुरंग समेला गांव, पुराना कांगड़ा घाट से कांगड़ा वाया बाईपास टांडा रोड के फ्लाईओवर तक सड़कों की बदहाल स्थिति को देखते हुए सुधार के लिए धनराशि की मांग की गई थी। इस राशि से विशेष रूप से बाणगंगा घाट सहित क्षेत्र की प्रमुख सड़कों का सुधार किया जाएगा। जनता ने मांग पूरी होने पर मुख्यमंत्री सुक्खू सरकार एवं पर्यटन मंत्री आर.एस. बाली का आभार जताया है।

इसी क्रम में पूर्व सीपीएस चौधरी सुरेंद्र काकू “विकास के लिए चलो गांव की ओर” कार्यक्रम के तहत गॉब भाटी पहुंचे। उन्होंने कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के गॉब गांव में माताओं-बहनों, बुजुर्गों और युवाओं के साथ विकास, सड़क, पानी और बिजली जैसे मुद्दों पर चर्चा करते हुए विचारों का आदान-प्रदान किया।

पूर्व सीपीएस चौधरी सुरेंद्र काकू ने कहा कि उन्होंने दौलतपुर सुरंग से लेकर कांगड़ा तक सड़क की जर्जर हालत को देखते हुए मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री आर.एस. बाली से विशेष रूप से धनराशि की मांग की थी, जिस पर 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके लिए समस्त क्षेत्र की जनता धन्यवाद की पात्र है।

उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान गॉब क्षेत्र की कई संपर्क सड़कों जैसे घटा-धमेड-चौधा-कुलथी लिंक रोड, छतरा लिंक रोड, पंजलेहड़ लिंक रोड, रजियाणा-चकवन-चुरनी लिंक रोड, फरना लिंक रोड, घटा-डुढनी लिंक रोड, गजरेड लिंक रोड तथा देहरा-गंबला-अंदराड लिंक रोड पर करोड़ों रुपये खर्च कर सड़कें बनवाई गईं। इन सड़कों के लिए फॉरेस्ट विभाग की क्लीयरेंस भी करवाई गई और विभागीय औपचारिकताएं पूरी कर जनता को समर्पित किया गया।

पूर्व सीपीएस ने कहा कि जनता की मेहनत और उनके प्रयास रंग लाए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास, गरीबों के अधिकारों और युवाओं के रोजगार के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।