उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
स्वर्णिम भारत समाज कल्याण फाउंडेशन, भारत द्वारा 14 जून 2026 को पिंजौर (हरियाणा) में वार्षिक स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजसेवियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में कांगड़ा की जानी-मानी समाजसेविका आशा कौशल को योग शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘शिक्षा रत्न अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान स्वर्णिम भारत समाज कल्याण फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक द्वारा प्रदान किया गया।
आशा कौशल लंबे समय से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे कांगड़ा जिले के विभिन्न महाविद्यालयों, स्कूलों एवं अन्य संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को कराटे और ताइक्वांडो के जरिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इसके साथ ही वे ‘नशा मुक्त भारत, स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत’ अभियान के तहत भी लगातार जनजागरूकता फैलाने का कार्य कर रही हैं। उनकी प्रतिज्ञा “स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन, उज्ज्वल भविष्य” के संदेश के साथ युवाओं को धूम्रपान, शराब और अन्य नशों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
आशा कौशल को मिला यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान की पहचान है, बल्कि कांगड़ा जिले के लिए भी गर्व का विषय है।





