मुख्यमंत्री ने समझा सबसे बड़े जिला का दर्द, शीतप्रवास से मौके पर निपटेंगी समस्याएं : देवेंद्र जग्गी

उज्जवल हिमाचल। धर्मशाला

कांग्रेस नेता व नगर निगम धर्मशाला के पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने कहा है कि 15 जनवरी से शुरू होने जा रहे मुख्यमंत्री के शीतप्रवास की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सीएम का कांगड़ा आगमन पर भव्य स्वागत किया जाएगा। वीरवार को धर्मशाला में जारी बयान में कांग्रेस नेता व नगर निगम धर्मशाला के पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने कहा कि शीतप्रवास से सबसे बड़े जिला की जनता की मांगें घरद्वार पूरी की जाएंगी। देवेंद्र जग्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सबसे बड़े जिला कांगड़ा समेत निचले हिमाचल का दर्द समझते हुए यह शीतप्रवास रखा है।

इससे पता चलता है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू कांगड़ा समेत निचले हिमाचल के विकास के लिए कितने गंभीर हैं। इस प्रवास से कांगड़ा तेजी से पर्यटन राजधानी बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। साथ ही कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के बाद वहां के लोगों की समस्याओं, फोरलेन के निर्माण से पेश आ रही दिक्कतों के साथ पौंग डैम विस्थापितों की बात सरकार तक आसानी से पहुंचेगी। देवेंद्र जग्गी ने कहा कि धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र समेत कांगड़ा जिला की भावनाओं को समझते हुए सीएम ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान ही शीतकालीन प्रवास की रूपरेखा तैयार कर दी थी। देवेंद्र जग्गी ने कहा कि कुछ रोज पहले ही मुख्यमंत्री ने पर्यटन विकास निगम के कार्यालय को धर्मशाला शिफ्ट करने की बात कही थी। ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि मुख्यमंत्री अपने 11 दिनों के प्रवास के दौरान कई बड़ी सौगाते कांगड़ा जिला को दे सकते हैं

उन्होंने कहा कि शीतकालीन प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री कांगड़ा जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे और कई कार्यों के उद्वघाटन व कुछ की आधारशिला रखेंगे। दूसरी ओर नगर निगम मेयर नीनू शर्मा, पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी हरभजन सिंह आदि कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रवास के दौरान जनता के बीच जाएंगे व उनकी समस्याओं को सुनेंगे। मौके पर ही निपटारा भी किया जाएगा। इस प्रवास धर्मशाला हलके में चल रहे विकास कार्य भी और गति पकड़ेंगे। नगर निगम, स्मार्ट सिटी, ढगवार मिल्क प्लांट, आइस रिंक आदि कामों की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ेंगी।

Please share your thoughts...