जनमंच का विरोध करने वाली कांग्रेस की सरकार खुद गांव के द्वार : त्रिलोक कपूर

उज्ज्वल हिमाचल। धर्मशाला

पूर्व भाजपा सरकार ने आम जनता की समस्याओं के घर-द्वार पर समाधान के लिए जनमंच कार्यक्रम की शुरूआत की थी। उस समय कांग्रेस ने उसका विरोध किया था। अब उसी दल कांग्रेस की सरकार को गांव के द्वार जाने को मजबूर होना पड़ा है। यह बात हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने आज जारी प्रेस बयान में कही। कपूर ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस को अब जनता की याद आई है और सरकार गांव के द्वार जा रही है।

उन्होंने कहा कि भले ही कांग्रेस द्वारा पूर्व भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध किया जाता रहा हो, लेकिन कहीं न कहीं कांग्रेस सरकार ही अब भाजपा की नीतियों को कॉपी करने लगी है, सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। त्रिलोक कपूर ने कहा कि एक वर्ष से अधिक समय में सरकार प्रदेश की जनता के लिए कुछ नहीं कर पाई है, ऐसे में लोकसभा चुनाव में किस मुंह से जनता के बीच जाएगी, इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखकर अब कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री, मंत्री जनता के बीच जाने को अभियान चला रहे हैं।

प्रदेश भाजपा महामंत्री ने कहा कि जनता के बीच जाने का फायदा भी तभी मिलेगा, जब जनता के लिए कुछ करेंगे, लेकिन जब किया ही कुछ नहीं तो जनता के बीच जाने का भी क्या लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने एक साल के निर्णयों पर आत्ममंथन करना चाहिए।

ब्यरो रिपोर्ट धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें