तृप्ता पब्लिक स्कूल चलवाड़ा में चार दिवसीय जुनियर और सीनियर वार्षिक स्पोर्ट्स मीट हुई सम्पन्न

उज्जवल हिमाचल । जवाली

तृप्ता पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल चलवाड़ा में जूनियर व सीनियर वर्ग की चार दिवसीय वार्षिक स्पोर्ट्स मीट का आयोजन बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। इस खेल महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में ताईक्वांडो के चीफ कोच, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (लखनऊ) कैप्टन राकेश सिंह कुटलेहड़ियां ने शिरकत की।

मुख्य अतिथि का विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय चेयरमैन वरिंद्र नरियाल और प्रधानाचार्य राकेश राणा ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद विद्यालय के चारों सदनों लिली, लोटस, रोज और डेजी तथा स्काउट एंड गाइड के विद्यार्थियों ने मार्च-पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। मुख्य अतिथि द्वारा मशाल प्रज्ज्वलन कर खेलों का विधिवत शुभारंभ किया गया।

स्पोर्ट्स मीट के दौरान खो-खो, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, कबड्डी, स्पून एंड लेमन रेस, डक रेस, फ्रॉग रेस, रिंग रेस, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और रिले रेस सहित अनेक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न आयु वर्गों में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किए। खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसी टीम प्रतियोगिताओं में सदनों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। लड़कों के खो-खो में रोज सदन, जबकि लड़कियों के खो-खो में लिली सदन विजेता रहा। कबड्डी और वॉलीबॉल में भी विभिन्न सदनों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। सीनियर रिले रेस में लोटस सदन ने प्रथम स्थान हासिल किया।

समापन अवसर पर चेयरमैन वरिंद्र नरियाल और प्रधानाचार्य राकेश राणा ने सभी विजेता खिलाड़ियों और टीमों को मैडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस वर्ष ‘बेस्ट हाउस ऑफ द स्पोर्ट्स’ का खिताब रोज सदन को प्रदान किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि और विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।