अर्चना मिश्रा की मधुर आवाज़ में गूंजी माँ कांगड़ा वाली की महिमा, भजन का भव्य शुभारंभ

उज्जवल हिमाचल। नई दिल्ली

नई दिल्ली में हिमाचल प्रदेश की धार्मिक आस्था और देव संस्कृति को समर्पित भक्ति भजन ‘कांगड़ा वाली माता’ का विधिवत भव्य शुभारंभ किया गया। विशाल संस्कार देवभूमि प्रोडक्शन के बैनर तले तैयार किए गए इस भजन का शुभारंभ मास्टर जय भगवान यादव, नेता सदन, दिल्ली नगर निगम ने विधिवत रूप से किया।

माँ कांगड़ा वाली की महिमा को समर्पित इस भजन को गायिका अर्चना मिश्रा ने अपनी मधुर आवाज़ दी है। भजन के माध्यम से हिमाचल की देवभूमि की आस्था, श्रद्धा और समृद्ध देव संस्कृति को संगीत के माध्यम से देशभर के श्रद्धालुओं तक पहुँचाने का प्रयास किया गया है।

भजन के शुभारंभ अवसर पर विशाल संस्कार देवभूमि प्रोडक्शन के संस्थापक पंडित विशाल शर्मा सहित पूरी टीम मौजूद रही। इस दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण देखने को मिला और उपस्थित लोगों ने माँ कांगड़ा वाली का आशीर्वाद लिया।

भजन की टीम में सतीश शर्मा, नर्वदा शर्मा, कायरा शर्मा, उदय, अंजना और नीलम ठाकुर सहित अन्य कलाकारों एवं सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं मलकीत सिंह ने निर्देशन, अनन्या गुप्ता ने सहायक निर्माण प्रबंधन तथा करण पाल ने छायांकन की जिम्मेदारी संभाली।

मास्टर जय भगवान यादव ने भजन की पूरी टीम को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर आधारित रचनाएँ समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। ऐसे भक्ति प्रोजेक्ट्स के माध्यम से हमारी धार्मिक विरासत और देव संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुँचाया जा सकता है। उन्होंने माँ कांगड़ा वाली से भजन की सफलता और सभी कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पंडित विशाल शर्मा ने कहा कि विशाल संस्कार देवभूमि प्रोडक्शन का उद्देश्य भक्ति, संस्कृति और संस्कार से जुड़े गुणवत्तापूर्ण प्रोजेक्ट्स तैयार करने के साथ-साथ प्रतिभाशाली कलाकारों को बेहतर मंच प्रदान करना है। हिमाचल की देव संस्कृति, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत को देशभर तक पहुँचाने की दिशा में आने वाले समय में भी कई नए प्रोजेक्ट्स पर कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ‘कांगड़ा वाली माता’ केवल एक भजन नहीं, बल्कि माँ कांगड़ा वाली के प्रति श्रद्धा और हिमाचल की देवभूमि से जुड़े भावनात्मक रिश्ते को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करने का प्रयास है।

भजन के शुभारंभ के दौरान पूरी टीम ने माँ कांगड़ा वाली के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए भजन की सफलता की कामना की। ‘कांगड़ा वाली माता’ अब श्रद्धालुओं और संगीत प्रेमियों को समर्पित है।