उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
आपना कांगड़ा एंटरटेनमेंट’ के बैनर तले कांगड़ा में ‘टैलेंट दे दन दना दन’ ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के गायक पीयूष राज बतौर सेलिब्रिटी कलाकार शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश के कई उभरते और चर्चित कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कुमार साहिल, सौरभ शर्मा, राज जैरी, अमन कौर, अकांक्षा मैहरा और ईशा डोगरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कलाकारों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। वहीं, टिंकू विहान और देशराज राणा को हिमाचल प्रदेश के नंबर वन झांकी कलाकार के सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम में समाजसेवी वीरेंद्र चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
ब्रांड प्रमोटर सानिया ठाकुर, रिया शर्मा, अर्शिया, अनाहिता सूद और वेदांशी कौल तथा इवेंट प्रमोटर खुशी भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। उन्हें कार्यक्रम के दौरान नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डांस के लिए अनिल कुमार कांगड़ा डांसर, संगीत के लिए मान सिंह और आशीष, मॉडलिंग के लिए सानिया मल्होत्रा एवं रीना ठाकुर तथा पेंटिंग एवं लेखन के लिए रितिका ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को स्मृति चिन्ह, मेडल, प्रमाण पत्र और गिफ्ट हैंपर देकर सम्मानित किया गया।
आयोजक एवं संचालक सुमित गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा के लिए सकारात्मक मंच उपलब्ध कराना और उन्हें चिट्टे व नशे से दूर रखते हुए कला एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। सुमित गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन में देशभर से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर मंच देने और उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने का यह प्रयास भविष्य में भी जारी रहेगा।उन्होंने बताया कि ग्रैंड फिनाले के सभी विजेताओं को आगामी नववर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘जश्न-ए-धमाका’ कार्यक्रम में ‘हिमालयन सुपर स्टार’ टाइटल अवार्ड से भी सम्मानित किया जाएगा।
संवाददाता: अंकित वालिया





