जिं*दा महिला का कागजों में कर दिया अंतिम संस्कार, नगर निगम दफ्तर से मृ*त्यु प्रमाणपत्र भी जारी

उज्ज्वल हिमाचल। सोलन

जीवन बीमा पॉलिसी की रकम जारी करने से पहले इंश्योरेंस कंपनी का कर्मी जब दस्तावेज लेने के लिए घर पहुंचा तो महिला के पांव के नीचे से ज़मीन खिसक गई। जब इंश्योरेंस कंपनी का कर्मी महिला से पॉलिसी संबंधित कागजात मांगने लगा। तो महिला ने पूछा कि वह कागजात क्यों मांग रहा है।

इस पर कर्मी ने बताया कि पॉलिसी करवाने वाली महिला की मौत हो चुकी है तो महिला ने कहा कि मैं तो जिंदा हूं। आशंका है कि जीवन बीमा पॉलिसी की रकम हड़पने के लिए यह षड्यंत्र रचा गया था। महिला के नाम पर श्मशानघाट में लकड़ी भी खरीदी गई थी। इसके लिए महिला का आधार कार्ड दिया गया था।

इसी के साथ मोक्षधाम चंबाघाट में फॉर्म-2 भरने के बाद दो प्रत्यक्षदर्शियों के हस्ताक्षर भी हैं। महिला की मृत्यु का प्रमाणपत्र बनाने के लिए एक परिजन के हस्ताक्षर की अर्जी नगर निगम में आई थी। आवेदन और फॉर्म-2 के मुताबिक नगर निगम ने मृत्यु प्रमाणपत्र भी जारी कर दिया था।

मामला पांच जनवरी का है। महिला ने नगर निगम में इसे रद्द करने के लिए आवेदन किया है और कार्रवाई की मांग की है। वहीं, महिला के बच्चों ने भी नगर निगम से कई सवाल-जवाब किए। सवाल यह है कि अंतिम संस्कार किसका हुआ है। इस मामले में भी अब नगर निगम ने जांच शुरू कर दी है।

संवाददाता : अमरप्रीत सिंह पुंज