उज्जवल हिमाचल।नूरपुर
गद्दी यूनियन मंडल नूरपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस नूरपुर में प्रधान अर्जुन शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में गद्दी कल्याण बोर्ड के सदस्य जगदीश चौहान सहित अर्जुन शर्मा, योग राज, सरन सिंह, मनोज कुमार, महासचिव तिलोक समयाल, शक्ति प्रसाद, यशपाल राणा, कुलदीप सिंह व सुधीर शर्मा उपस्थित रहे। बैठक में गद्दी समुदाय के एक स्वयंभू नेता को कड़ी चेतावनी देते हुए नेताओं ने कहा कि वह गद्दी समुदाय को अंधेरे में रखकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकना बंद करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि गद्दी समुदाय किसी की व्यक्तिगत जागीर नहीं है, जिसे भ्रमित कर समुदाय के नाम पर खुद को वर्ष 2027 के नूरपुर विधानसभा प्रत्याशी के रूप में प्रचारित किया जाए।
नेताओं ने मांग की कि ऐसे लोग यह स्पष्ट करें कि वे कौन हैं और कहां से हैं, जो गद्दी समुदाय के नाम पर भ्रामक गतिविधियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन समुदाय को विश्वास में लिए बिना उसके कंधों पर बंदूक रखकर राजनीति करना कतई स्वीकार्य नहीं है और इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। बैठक में यह भी कहा गया कि यदि संबंधित व्यक्ति को चुनाव लड़ने का इतना शौक है तो वह पहले पंचायत प्रधान या वार्ड पंच का चुनाव लड़कर अपनी काबिलियत साबित करे, न कि बंद कमरों में प्रत्याशी बनने का ढोंग रचे।
सदस्यों ने प्रशासन से मांग की कि इस पूरे मामले की जांच करवाई जाए कि उक्त व्यक्ति किस पद का अध्यक्ष है और कहां से है। इस अवसर पर गद्दी कल्याण बोर्ड के सदस्य जगदीश चौहान ने कहा कि भेड़ पालकों को भेड़-बकरियों की चोरी, चरान भूमि, दवाइयों की उपलब्धता सहित गद्दी समुदाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जानकारी मिली है। इन सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर सरकार के समक्ष उठाया जाएगा ताकि समुदाय को वास्तविक लाभ मिल सके।
संवाददाता :विनय महाजन





