आम आदमी पार्टी नव संकल्प, नया हिमाचल उदघोष के साथ शुरू करेगी कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश की धरती पर आम आदमी पार्टी एक नए जोश और संकल्प के साथ संगठनात्मक क्रांति की शुरुआत करने जा रही है। प्रदेश में पार्टी की जड़ों को और गहरा करने, जन-जन तक अपनी विचारधारा को पहुंचाने और आगामी पंचायत चुनावों में मजबूत उपस्थिति दर्ज करने के लिए आम आदमी पार्टी 3 जुलाई से सात दिवसीय जिला कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन का आयोजन कर रही है। इस अभियान का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश प्रभारी रितुराज गोविंद झा और सह-प्रभारी विजय फुलारा करेंगे।

यह जानकारी कांगड़ा से जारी एक प्रैस रिलीज़ में आम आदमी पार्टी के राज्य प्रवक्ता कल्याण भंडारी ने बताया कि इस दौरे का मूल उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करना और बूथ व पंचायत स्तर तक संगठन को अजेय बनाने की नींव रखना है। यह अभियान न केवल पार्टी की एकजुटता को मजबूत करेगा, बल्कि हिमाचल की जनता के बीच एक वैकल्पिक राजनीति का सशक्त विकल्प प्रस्तुत करेगा।

भंडारी ने कहा कि पार्टी के दृढ़ मतानुसार युवा शक्ति, बदलाव की पुकार होती है। अतः प्रदेश के युवाओं से पार्टी की अपील रहेगी कि वे हिमाचल के उज्ज्वल भविष्य के लिए इस आंदोलन का हिस्सा बन परंपरागत राजनीति से अलग केवल “काम की राजनीति“ को अपनाएं। बढ़ते कर्ज के बोझ तले दबे हिमाचल को केवल एक प्रगतिशील और जन-केंद्रित राजनीति ही नया जीवन दे सकती है। आप की यह पहल हिमाचल को समृद्ध, स्वावलंबी और सशक्त बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

जिलेवार संवाद का स्वर्णिम रोडमैप

3 जुलाई : मंडी जिला -संवाद की शुरुआत।

4 जुलाई : कुल्लू जिला -उत्साह का संचार।

5-6 जुलाई : कांगड़ा जिला – संगठन की मजबूती का संदेश।

7 जुलाई : चंबा जिला- जन -जागरण का आलम।

8 जुलाई : हमीरपुर जिला – एकता का उत्सव।

इस अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए आम आदमी पार्टी ने पार्टी अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर सहित प्रदेश के 22 नेताओं की एक केंद्रीय टीम गठित की है, जो प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस संवाद यात्रा को ऐतिहासिक बनाएगी।

आम आदमी पार्टी का दृढ़ विश्वास है कि किसी भी संगठन की सफलता उसकी जमीनी ताकत में निहित होती है। यह संवाद सम्मेलन न केवल पार्टी की उपस्थिति को और सशक्त करेगा, बल्कि हिमाचल की जनता के बीच एक नई आशा और विश्वास का संचार करेगा। यह दौरा आगामी चुनौतियों के लिए संगठन को तैयार करने और हिमाचल के हर कोने में आप की विचारधारा को स्थापित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।