मौसम ने बदली करवट : अगले पांच दिनों तक होगी झमाझम बारिश

उज्ज्वल हिमाचल। शिमला

प्रदेश में मौसम ने करवट बदल दी है। राजधानी शिमला सहित अन्य भागों में झमाझम बारिश हो रही है। बदलते मौसम के बीच गुरुवार दोपहर बाद ऊना जिला के बंगाणा, बड़ूही, हरोली और मैहतपुर में आधा घंटा बारिश हुई। हमीरपुर, मंडी, चंबा और कुल्लू में धूप खिली रही। उमस ने लोगों को पसीने छुड़ा दिए। राजधानी शिमला में दिनभर बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी हुई। 21 से 23 जून तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। 21 या 22 जून को प्रदेश में मानसून के प्रवेश करने की भी प्रबल संभावना बन गई है।

बारिश के अलर्ट के बीच गुरुवार को प्रदेश के मौसम के अलग-अलग रंग दिखे। ऊना जिले में कुछ इलाकों में वीरवार सुबह 11 बजे तक बादल छाए रहे। दोपहर को धूप खिली। दोपहर बाद बारिश हुई। इसके बाद मौसम सामान्य हो गया। शाम के समय उमस भरी गर्मी ने दोबारा लोगों को परेशान किया। हमीरपुर में मौसम साफ बना रहा है। दिनभर धूप खिली रही। मंडी में भी दिनभर मौसम साफ रहा। धूप खिलने से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिला में भी मौसम साफ रहा। बारिश का दौर थमते ही अब किसान मक्की, राजमा की बिजाई में जुट गए हैं। बागवानों ने भी प्लम, खुमानी का तुड़ान तेज कर दिया है। जिला कांगड़ा में भी धूप खिली रही। हालांकि, धर्मशाला क्षेत्र में दोपहर बाद बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 25 जून तक बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान तापमान में भी कमी आने की संभावना है।