इस बार सरकार नहीं रिवाज बदलेंगे, फिर बनाएंगे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकारः गोबिंद ठाकुर

उमेश भारद्वाज। मंडी

भाजपा के संगठनात्मक जिला सुंदरनगर की बैठक शनिवार को जिलाध्यक्ष दिलीप ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षा मंत्री गोबिंद ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर सबसे पहले भाजपा के पंच परमेश्वर कार्यक्रम की समीक्षा की गई। इस मौके पर निर्णय लिया गया कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की नीतियों व विकास कार्यों से लोगों को अवगत कराएंगे।

इस मौके पर गोबिंद ठाकुर ने अपने संबोधन में बताया कि पूरे प्रदेश में 9-15 अगस्त तक आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी और हर घर पर तिरंगा लगाया जाएगा। इसके लिए हर विधानसभा को 25-25 हजार तिरंगे भेजे जा रहे है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए अभी से कमर कस ले। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार नहीं रिवाज बदलेंगे और एक बार फिर से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार बनाएंगे। उन्होंने सभी मंडलों का आह्वान किया कि वह पार्टी व सरकार की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम बनाएं।

मंडी संसदीय क्षेत्र प्रभारी राकेश जम्वाल ने अपने संबोधन में कहा कि आने वाले कुछ ही माह में चुनाव का बिगुल बज जाएगा। कार्यकर्ता अभी से एकजुटता के साथ पार्टी के जीत के लिए मैदान में डट जाए। उन्होंने कहा कि जो विकास के कार्य मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नेतृत्व में हिमाचल में साढ़े चार वर्ष में हुए है वह कांग्रेस सरकारों के सभी कार्यकालों पर भारी है।

इस मौके पर जिला प्रभारी युवराज बोध, विधायक कर्नल इंद्र सिंह, विनोद कुमार, हीरा लाल, प्रदेश एससी मोर्चा के अध्यक्ष नितेन कुमार, जिला महामंत्री ओम प्रकाश नायक, मीडिया प्रभारी सुरेंद्र पाल भारद्वाज, कोषाध्यक्ष धर्मपाल अवस्थी, जिला उपाध्यक्ष दिलीप ठाकुर, कार्यालय सचिव परस राम सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।