कांग्रेस में सर्वे के आधार पर ही होगा टिकट आबंटन: विक्रमादित्य 

उमेश भारद्वाज। मंडी 
कांग्रेस पार्टी में सर्वे के आधार पर ही टिकट आबंटन होगा और इस बात को हाईकमान तथा प्रदेश के नेतृत्व द्वारा साफ तौर पर जाहिर कर दिया है। ये बात सोमवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने मंडी जिला के करसोग दौरे के दौरान कही। विक्रमादित्य सिंह मूल मांहूनाग मंदिर में देवता के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर  देवता का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे।
मीडिया के साथ अनौपचारिक बातचीत में विक्रमादित्य ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह द्वारा विभिन्न मंचों से प्रदेश में केवल सर्वे के आधार पर टिकट देने को कहा है। प्रदेश में हाईकमान, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और टिकट आबंटन कमेटी के सदस्य सुखविंदर सिंह सुख्खू ने भी सर्वे को ही टिकट का आधार माना है। उन्होंने कहा कि करसोग विधानसभा क्षेत्र के लोगों में कांग्रेस पार्टी के प्रति उत्साह है और प्रत्येक कार्यक्रम में लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। विक्रमादित्य ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार से लोगों का मोह भंग हो चुका है और उप चुनावों में भाजपा की हार इसका उदाहरण है।
विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा को उनकी बात चुभ रही है और बागवानों व किसानों का हजूम देखकर भाजपा तिलमिला गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की महिला नेत्री के वायरल वीडियो में उनका अभद्र व्यवहार सामने आया है। भाजपा उन्हें नैतिकता का पाठ नहीं पढ़ाए और उनकी जवाबदेही प्रदेश के लोगों के प्रति है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए पॉलिसी बनाने का एक झूंनझूना छोड़ दिया है। लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्य नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कांग्रेस सत्ता में आते ही कर्मचारियों की पुरानी पेंशन को बहाल करेगी।