विकास खंड बिझड़ी में कर्मचारियों का टोटा

एसके शर्मा। हमीरपुर
विकास खंड कार्यालय बिझड़ी में आजकल कर्मचारियों का भारी टोटा पड़ा हुआ है। इसके चलते विकासात्मक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। गौरतलब है कि अगर यह सिलसिला इसी तरह से चलता रहा, तो फिर विकास खंड कार्यालय बिझड़ी लोगों के लिए सफेद हाथी साबित हो रहा है। प्रदेश भाजपा सरकार में साथ लगती विधानसभा कुटलैहड़ से वीरेंद्र कंवर पंचायती राज मंत्री का कार्यभार संभाले हुए हैं। फिर भी अगर साथ लगते विकास खंड बिझड़ी में ही कर्मचारियों का भारी टोटा दर्शाता है कि प्रदेश के अन्य विकास खंड कार्यालयों की क्या कहानी होगी। बताते चलें कि विकास खंड कार्यालय बिझड़ी में पिछले डेढ़ बर्ष से पीआई का पद रिक्त चल रहा है। इसी प्रकार पंचायत उपनिरीक्षक का पद भी लगभग 1 वर्ष से खाली पड़ा है। इसके अलावा मुख्य ग्राम सेविका का पद भी पिछले 2 वर्षों से खाली चल रहा है। साथ ही एलबीडीसी का पद लगभग 6 वर्षों से खाली ही चल रहा है। इसी के साथ खंड कार्यालय में वरिष्ठ सहायक का पद भी पिछले 3 महीनों से रिक्त चल रहा है। इससे साफ अंदाजा लगा सकते हैं कि प्रदेश सरकार जिला हमीरपुर के विकास खंड बिझड़ी में रिक्त पड़े 5 कर्मचारियों के पदों को भरने में नाकाम रही है। क्षेत्रवासियों ने भी प्रदेश सरकार के इस रवैए की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि अगर किसी कार्यालय में कर्मचारी नहीं होंगे, तो ऐसे में विकासात्मक कार्य करवाने व अन्य कार्य कैसे होंगे। लोगों ने कहा कि कई बार निजी कार्य करवाने खंड कार्यालय बिझडी में जाना पड़ता है। सारा दिन कार्यालय के चक्कर काटने के बाद बैरंग लिफाफे की तरह खाली हाथ वापस लौटना पड़ता है। लोगों ने प्रदेश सरकार व ग्रामीण विकास मंत्री से भी विकास खंड कार्यालय बिझडी में रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने की मांग की है। उन्होंने चेताया है कि अगर शीघ्र ही उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया तो लोग मजबूरन सरकार के खिलाफ संघर्ष का रास्ता भी अख्तार कर सकते हैं। जिसकी सरकार खुद जिम्मेदार होगी।

उधर बीडीओ बिझड़ी हिमांशी ने बताया कि खंड कार्यालय में रिक्त पड़े पदों को भरने के बारे डीआरडीओ हमीरपुर व प्रदेश सरकार को कई बार अवगत करवा दिया है। किसी प्रकार की नियुक्ति करना मेरे अधिक का अधिकार क्षेत्र में नहीं है।