दीपावली पर कांगड़ा बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, 7 और 8 नवंबर को चारपहिया वाहनों की एंट्री बंद

जन सुरक्षा के दृष्टिगत एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग ने जारी किए निर्देश, एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों को रहेगी छूट

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

दीपावली पर्व के दौरान कांगड़ा मुख्य बाजार में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने आदेश जारी करते हुए 7 नवंबर 2026 से 8 नवंबर 2026 तक मुख्य बाजार कांगड़ा में चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।

जारी आदेशों के अनुसार, उक्त दोनों दिनों में मुख्य बाजार कांगड़ा में किसी भी चारपहिया वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट प्रदान की गई है। इसमें एंबुलेंस, अग्निशमन विभाग के वाहन सहित अन्य आवश्यक आपातकालीन सेवा वाहन शामिल हैं।

एसडीएम ने नगर परिषद कांगड़ा, पुलिस विभाग और अग्निशमन विभाग को इन आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित विभागों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है। प्रशासन का उद्देश्य दीपावली के दौरान बाजार में आने वाले लोगों को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकना है।

संवाददाता: तेजस्वी चौधरी

Please share your thoughts...