कांगड़ा: दर्दनाक सड़क हादसा, आवारा पशु को बचाने में गई बाइक सवार की जान

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

जिला कांगड़ा के दौलतपुर फोरलेन पर शुक्रवार काे सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, बाइक के सामने अचानक एक आवारा पशु आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ा और बाइक सड़क पर फिसल गई।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अभिषेक कुमार, निवासी रजियाणा बांध, के रूप में हुई है। वह कांगड़ा स्थित आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक के सामने अचानक पशु का आ जाना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।