उज्ज्वल हिमाचल। शाहपुर
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में आज मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोग के अनुभाग अधिकारी अभिषेक अग्रहरी ने की। आयोग की 10 सदस्यीय टीम ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाओं और पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारियों) को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, स्थानांतरण तथा दिव्यांग मतदाताओं की पहचान की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

अनुभाग अधिकारी अग्रहरी ने मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता व शुद्धता सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे । इसके लिए बीएलओ की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान मतदान स्थलों की सुविधाओं की स्थिति का भी जायजा लिया गया। इस अवसर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शाहपुर करतार चंद, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी दीक्षांत ठाकुर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।





