तृप्ता पब्लिक स्कूल चलवाड़ा का CBSE 12वीं का रिजल्ट रहा शत-प्रतिशत

उज्जवल हिमाचल । जवाली

तृप्ता पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल चलवाड़ा के लिए गर्व और खुशी का पल है कि विद्यालय का सीबीएसई बारहवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम इस वर्ष भी शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के सभी 26 विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की और स्कूल का नाम रोशन किया।

परीक्षा परिणाम में मयंक नरियाल और अभय राणा ने 90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सोहम शर्मा ने 90 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि दिव्यांशी ने 89.2 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

विद्यालय के कुल 11 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में जगह बनाई। इनमें अभिमन्यु ने 86.4%, अच्युत राणा ने 84%, हर्षदीप ने 83%, मयंक ने 82%, वंशिका ने 81.2%, विभा ने 81% और श्रेया ने 80% अंक प्राप्त कर विद्यालय व अपने अभिभावकों का नाम गौरवान्वित किया। इसके अलावा अन्य विद्यार्थियों ने भी 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय चेयरमैन वरिंद्र नरियाल और प्रधानाचार्य राकेश राणा ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन और अध्यापकों के विशेष मार्गदर्शन के कारण विद्यालय लगातार बेहतरीन परिणाम दे रहा है। उन्होंने सभी अभिभावकों को भी इस सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Please share your thoughts...